Ticker

6/recent/ticker-posts

पृथक पश्चिम प्रदेश के लिए आंदोलित संगठन आये एक मंच पर-पश्चिम प्रदेश संयुक्त मोर्चा का हुआ गठन-अब होगा आंदोलन आर-पार

 पृथक पश्चिम प्रदेश के लिए आंदोलित संगठन आये एक मंच पर-पश्चिम प्रदेश संयुक्त मोर्चा का हुआ गठन-अब होगा आंदोलन आर-पार


 डी पी सिंह/अतुल शर्मा 

मेरठ। पृथक पश्चिम प्रदेश के लिए अलग अलग आंदोलन चला रहे संगठनों को एक मंच पर लाने के लिए रिटायर्ड कर्नल सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आंदोलन के लिए एक्टिव संगठनों ने पश्चिम प्रदेश संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में आंदोलन को सहमति दी। 

बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव कर्नल सुधीर कुमार ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तराखंड और झारखंड आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब इन प्रदेशों के लिए आंदोलन खड़े हुए तो सब संगठित होकर लड़े। पश्चिम प्रदेश आंदोलन के लिए दर्जनों संगठन आंदोलन चला रहे हैं, लेकिन बंटे हुए हैं।इससे आंदोलन की शक्ति कमजोर हो रही है। जनता में भी कोई संदेश नहीं दे पा रहे हैं। कर्नल सुधीर ने कहा अब वक्त है आप लोग एकजुट होकर लड़े,भले ही आपके बैनर अपने अपने हो। उन्होंने कहा सभी संगठन मनभेद ना रखकर पश्चिम प्रदेश आंदोलन को तेज करें,अपनी शक्तियों को एकजुट करें। उन्होंने कहा आंदोलन के लिए समर्पित टीम बनायें। ऐसे लोगों को जोड़े जो पश्चिम प्रदेश के लिए समर्पित हों। एक बैनर तले आंदोलन को चलाया जायें। आंदोलन के लिए एक नीति बने,जिस पर सबकी सहमति बने।

पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विरेन्द्र चौधरी ने कहा कि पश्चिम प्रदेश आंदोलन की कमजोरी है कि हम युवाओं को जोड़ने में सफल नहीं हो पा रहे हैं,समाज में मैसेज नहीं छोड़ पा रहे हैं। विरेन्द्र चौधरी ने कहा कि आंदोलन को तेज करने के लिए गली मौहल्लों में रोड़ शो और नुक्कड़ सभाएं की जायें जिससे आम आदमी तक पकड़ बनाई जा सके।

संयुक्त खेल मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद पहलवान ने कहा कि देश की आजादी के समय ३० करोड़ जनता थी, जिसमें से देश की आजादी के लिए लड़ने के लिए मात्र ३००० क्रांतिकारी थे। आज देश की जनसंख्या १३० करोड़ है। क्या हम ३००० आंदोलनकारी नहीं जूटा सकते। उन्होंने राय दी कि इसके लिए खिलाड़ियों को समझाना होगा। विनोद पहलवान ने कहा खिलाड़ी की मानसिकता स्वस्थ और समर्पित होती है, इसलिए खिलाड़ियों को जोड़ो,इससे आंदोलन को गति मिलेगी।

पश्चिमांचल निर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र बालियान ने कहा आंदोलन को तेज करने के लिए हमें गांव की चौपालों तक जाना होगा। गांव के लोग ही आंदोलन को तेज कर सकते हैं। उन्होंने यकीन दिलाते हुए कहा कि वो पश्चिम प्रदेश संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में आंदोलन को तेज करने के लिए काम करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए बाबा प्रमेन्द्र आर्य ने कहा कि किसी भी आंदोलन के लिए समर्पण और समर्थन की आवश्यकता होती है। इसके लिए जनसंपर्क को तेज किया जाये। एक नीति पर सभी संगठन काम करें। कोई भी व्यक्ति अहम ना रखें,एक सामान्य व्यक्ति की तरह आंदोलन को समर्पित रहें, सभी आंदोलनकारी एक परिवार की तरह एक जुट होकर आंदोलन चलायें तो जीत निश्चित है।

शोषित क्रांति दल के अध्यक्ष रविकांत ने कहा वो पश्चिम प्रदेश आंदोलन के साथ है। उन्होंने कहा पश्चिम प्रदेश बनेगा तो प्रदेश में आर्थिक और सामाजिक विकास निश्चित है। उन्होंने कहा वे पश्चिम प्रदेश आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार हैं। रविकांत ने कहा वो युवा शक्ति को आंदोलन से जोड़ने का काम करेगें, क्योंकि युवा शक्ति ही आंदोलन को निर्णायक दिशां दे सकती है।

बैठक में मुख्य रूप से पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रिटायर्ड कर्नल सुधीर कुमार, संयुक्त खेल मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद पहलवान, पश्चिमांचल निर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र बालियान, पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विरेन्द्र चौधरी,बाबा प्रमेन्द्र आर्य, सुधीर कुमार, प्रदीप बालियान, राममेहर सिंह, अतुल शर्मा सहारनपुर, डाक्टर ओम पाल सिंह बालियान, शोषित क्रांति दल के रविकांत,वरूण कुमार, अंकित सागर, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पदम् राठी ने भी अपने विचार रखते हुए पश्चिम प्रदेश आंदोलन के लिए पश्चिम प्रदेश संयुक्त मोर्चा में सहमति जताई।


Post a Comment

0 Comments