Ticker

6/recent/ticker-posts

जनमंच सभागार में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

 जनमंच सभागार में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण


सूचना विभाग 

सहारनपुर-लखनऊ। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रातः 10ः00 बजे निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत 9055 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर, पीएसी एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारियों को नियुक्त पत्र का वितरण किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वीडियो संदेश एवं मार्गदर्शन का भी सजीव प्रसारण किया गया।
      जनपद में उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनमंच सभागार में पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित किया गया है। इस अवसर पर डीआईजी श्री अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह, एसएसपी श्री विपिन ताडा, एसपी सिटी श्री अभिमन्यु मांगलिक समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री जी ने मार्गदर्शन सम्बोधन में कहा कि रोजगार मेला मेरे लिए जीवन का हिस्सा बन गया है। आज का रोजगार मेला यूपी में सुरक्षा की भावना को और सशक्त बनाएगा। वर्तमान सरकार में रोजगार और सुरक्षा दोनों में वृद्धि हुई है। सरकार ने लोगों में सुरक्षा की भावना को मज़बूती प्रदान की है। यूपी टूरिज्म के क्षेत्र में सबसे बड़ा केंद्र है। पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में विकास कार्यों एवं रोजगार की बाढ़ सी आ गयी है।
मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि मैं सभी 9055 पुलिस बल का हिस्सा बन रहे नौजवान साथियों को बधाई देता हूँ। आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि नियुक्ति पत्र के साथ आपको देश के प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन भी प्राप्त हो रहा है। हमने 6 वर्ष में साढ़े पांच लाख नौजवानों की नौकरियां दी है। अग्निशमन विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
पीएसी की 54 बटालियन को पुनर्गठित किया गया। पीएसी की 3 महिला बटालियन का गठन किया गया। आज हर विभाग में निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भर्तियां की जा रहीं हैं। पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को बढ़ाया गया है। सरकार में आने के बाद रिक्त पदों को भरा जा रहा है। ट्रेनिंग की क्षमता को तीन गुना किया गया है। पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के लिये कई प्रकार के कार्य किए जा रहे हैं। पुलिस भर्ती के साथ अवस्थापना सुविधाओं को बढ़ाया गया है। पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी है। सुशासन की पहली आवश्यकता सुरक्षा है। कॉमन मैन के प्रति व्यवहार सद्भावना पूर्ण होना चाहिए, वहीं अपराधी के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस के तहत कार्यवाही की जाय। अंतर्विभागीय समन्वय से हम विभिन्न प्रकार की योजनाओं को लागू करते हुए आम आदमी को बुनियादी सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। नगर निगमों को सेफ सिटी बनाय जा रहा है। हमारे पुलिस बल को लकीर का फकीर नही बनना है, बल्कि अपराधी की सोच से कही आगे जाकर सोचना होगा। ई प्रॉसिक्यूशन के क्षेत्र में हमने ऊँची छलाँग लगाई है। आज हमने नागरिकों के विश्वास को जीता है। जो निवेशक पहले यूपी में आने से डरता था, आज हमने एक बहुत बड़ा निवेश प्राप्त किया है। उत्तर प्रदेश में पलायन रुका है। वीरान शहर आबाद हुए हैं।ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के साथ ही अमृत काल के प्रथम वर्ष में भारत को जी-20 की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिली है। आज प्रतियोगी परीक्षा में अपनी योग्यता के आधार पर आपका चयन हुआ है। पहले युवाओं के सामने पहचान का संकट था, आज का युवा बड़ी शान से कहता है कि मैं उत्तर प्रदेश के आमुख जिले का निवासी हूँ। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद आपको प्रशिक्षण दिया जाएगा। आप प्रशिक्षण में जितना पसीना बहाएंगे सेवा कार्य के दौरान उतनी ही आसानी होगी। यह आपको आपके अभिभावकों का होली नवरात्रि का उपहार है।
मा. उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हर नौजवान एक सपना देखता है। सौभाग्यशाली नौजवान वह होते हैं जिन्हें फोर्स में कार्य करने का मौका मिलता है। आपका चयन अपनी प्रतिभा योग्यता से हुआ है, इस के लिए आपको बधाई देता हूँ। आज यूपी में प्रतिभा का सम्मान हो रहा है। प्रदेश में कानून का राज है। खाकी वर्दी का इक़बाल कायम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपको निष्पक्षता से कार्य करने में कभी कोई बाधा नही बनेगा। प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था के चलते 33 लाख 50 हजार करोड़ निवेश मिला है।
    मा. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने शुभकामनाएं एवं मुबारकबाद देते हुए कहा कि आप सभी ने अपनी योग्यता कर आधार से नौकरी हासिल की है। आपने जो कैरियर चुना है वह न्याय, सुरक्षा, सेवा से सबंधित कैरियर है। भौतिक उपलब्धियों से तात्कालिक खुशी तो मिल सकती है, परन्तु असली खुशी सेवा से ही मिलती है। आपकी कोशिश रहे कि आप न्याय के लिए बने हैं। आपको न्याय का दामन कभी नही छोड़ना है।
      प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने कहा कि मिशन रोजगार के तहत आयोजित कार्यक्रम में 9055 पुलिस बल को नियुक्त पत्र प्रदान किया जाना प्रदेश के मुखिया की दूरगामी सोच का ही परिणाम है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस के प्रति जो कार्य किए जा रहे हैं, गृह विभाग लगातार आपके मार्गदर्शन में कार्य करता रहेगा।
   लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान ने कहा कि आप परिवार की तरह कार्य करने वाले पुलिस बल को जॉइन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस का सदैव से गौरवशाली इतिहास रहा है। मा. मुख्यमंत्री जी के दूरगामी सोच के तहत नवीन तकनीक से पुलिस बल को जोड़ा गया है।
जनमंच सभागार में डीआईजी श्री अजय कुमार साहनी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विपिन ताडा ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के दरोगा भर्ती परीक्षा 2020-21 के सफल अभ्यर्थियों को रविवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यानाथ का वर्चुअल संवाद भी लाइव सुनाया गया। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उप्र पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व पीएसी प्लाटून कमांडर एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद पर सीधी भर्ती वर्ष 2020-21 में की गई। इस भर्ती में चयनित सहारनपुर के 194, मुजफ्फरनगर के 221, शामली के 143, हिमाचल प्रदेश के 01 एवं उत्तराखण्ड के 18 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, पीएसी एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारियों तथा 38 प्लाटून कमाण्डर को नियुक्ति पत्र दिया गया। इस भर्ती में चयनित 615 अभ्यर्थियों में से 50 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें से 05 अभ्यर्थियों को माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिया गया।



Post a Comment

0 Comments